AQIS की विचारधारा फैलाने के आरोप में आजमगढ़ से 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार!

SHARE:

 

एटीएस का दावा—WhatsApp ग्रुप के जरिए युवाओं को जोड़ने और आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश…..

विचार दिशा 

आजमगढ़। यूपी एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने शनिवार को आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र से 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। एटीएस के अनुसार युवक पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) की विचारधारा का प्रचार करने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने साथ जोड़ने का आरोप है। गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद नबील पुत्र मोहम्मद दानिश, निवासी चितारा महमूदपुर, थाना दीदारगंज के रूप में हुई है।

एटीएस के मुताबिक आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में AQIS की विचारधारा के प्रचार-प्रसार से जुड़े कई WhatsApp ग्रुप सामने आए। जांच एजेंसी का दावा है कि इन समूहों में युवाओं को आतंकी विचारधारा से प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। कुछ समूहों में विदेशों के लोगों के जुड़े होने की बात भी एटीएस ने कही है।

आतंकी साहित्य साझा करने का आरोप

एटीएस के अनुसार आरोपी ने WhatsApp ग्रुप में अल कायदा से जुड़े अनवर उल अवलाकी की पुस्तक ‘जेहाद करने के 44 तरीके’ साझा की थी। इसके अलावा AQIS के पूर्व प्रमुख मौलाना आसिम उमर से संबंधित साहित्य भी ग्रुप में साझा किए जाने का दावा जांच एजेंसी ने किया है। एटीएस का कहना है कि ग्रुप के सदस्यों को इस सामग्री को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता था।

जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी ‘Flames of War’ समेत कई WhatsApp ग्रुप से जुड़ा था। इन समूहों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब सहित अन्य देशों के लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।

प्रशिक्षण और आतंकी गतिविधियों की बातचीत का दावा

एटीएस का दावा है कि आरोपी और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के बीच पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश जाकर प्रशिक्षण लेने को लेकर बातचीत हुई थी। जांच एजेंसी के अनुसार बम बनाने से संबंधित सामग्री और वीडियो तथा कुछ रसायनों की व्यवस्था को लेकर भी बातचीत सामने आई है।एटीएस ने यह भी दावा किया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ पाकिस्तान के सहयोग से भारत में कथित ‘गजवा-ए-हिंद’ की योजना को लेकर चर्चा कर रहा था। हालांकि इन आरोपों की विस्तृत जांच अभी जारी है।

UAPA समेत धाराओं में मुकदमा

एटीएस के अनुसार सोशल मीडिया गतिविधियों के जरिए कथित देशविरोधी साजिश की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में AQIS की विचारधारा के प्रचार और युवाओं को जोड़ने से संबंधित तथ्य मिलने का दावा किया गया।

इसके बाद एटीएस थाना लखनऊ में मुकदमा संख्या 14/2026 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 61(2) तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धारा 18 और 38 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

एटीएस ने 12 सितंबर को आजमगढ़ में कार्रवाई करते हुए मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Vichar Disha
Author: Vichar Disha

Leave a Comment