‘लोकरंग सुरों के संग-सीजन 2’ में भोजपुरी लोकगीत व संस्कृति की प्रस्तुति
आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के भगतपुर गांव निवासी लोक गायक एवं कलाकार मुकेश गुप्ता ने दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के कार्यक्रम में अपनी लोकगायकी का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। उनके लोकगीत कार्यक्रम ‘लोकरंग सुरों के संग-सीजन 2’ का प्रसारण डीडी उत्तर प्रदेश पर किया गया।
कार्यक्रम में मुकेश गुप्ता ने अपनी सुमधुर आवाज में भोजपुरी लोकगीत प्रस्तुत करते हुए लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को मंच पर जीवंत किया। दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनकी प्रस्तुति प्रसारित होने की जानकारी मिलने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। कार्यक्रम के प्रसारण के बाद मुकेश गुप्ता ने दूरदर्शन के अधिकारियों, कर्मचारियों, कार्यक्रम की पूरी टीम, शुभचिंतकों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लोकगीत और भोजपुरी लोक संस्कृति को बड़े मंच तक पहुंचाने का अवसर उनके लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि लोककला हमारी सांस्कृतिक विरासत है और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। मुकेश गुप्ता ने भोजपुरी लोकगीत और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रसार के लिए आगे भी प्रयास जारी रखने की बात कही।





