सोमवार शाम करीब पांच बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था…
आजमगढ़ । अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव से सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 25 वर्षीय युवक का शव मंगलवार सुबह अहिरौला थाना क्षेत्र के खजूरी नहर में मिलने से सनसनी फैल गई। सोशल मीडिया पर शव मिलने की सूचना और तस्वीर प्रसारित होने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कुंदन पुत्र कालीचरन के रूप में की। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार जमीन अगया गांव निवासी कुंदन सोमवार शाम करीब पांच बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अहिरौला क्षेत्र के खजूरी नहर में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली। सोशल मीडिया पर शव की तस्वीर सामने आने के बाद कुंदन के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।

शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां बादामा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर अहिरौला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि मृतक के पिता कालीचरन दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि कुंदन भी मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।

भाई ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाई रामनारायण ने कुंदन की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है। उसका कहना है कि करीब एक सप्ताह पहले चौबेपुर मंगूरगढ़ में कुंदन की कुछ लोगों से कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। इस मामले में अतरौलिया थाने में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता कराया गया था। परिजनों ने इस पुरानी घटना को युवक की मौत से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।





