फूलपुर में सपा नेता सतीश गुप्ता (मोदनवाल) का हुआ भव्य स्वागत…….
विचार दिशा
फूलपुर, आजमगढ़। समाजवादी पार्टी व्यापार सभा के राष्ट्रीय सचिव एवं हलवाई मोदनवाल महासभा के राष्ट्रीय सचिव सतीश गुप्ता (मोदनवाल) ने कहा कि भाजपा शासन में हलवाई मोदनवाल समाज अपेक्षा का शिकार रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के लोगों को विशेष सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। वह रविवार को फूलपुर नगर पंचायत क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी एवं मोदनवाल समाज के अध्यक्ष राजेश मोदनवाल उर्फ चुट्टूर के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने मोदनवाल समाज के हितों को लेकर कई संकल्प किए हैं। इसके तहत समाज के दुकानदारों को सुरक्षा में विशेष सहयोग, सैंपलिंग की कार्रवाई से राहत, शिक्षित युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर, बच्चों को ग्रेजुएशन तक निशुल्क शिक्षा तथा बड़े अस्पतालों में मुफ्त इलाज की सुविधा देने की बात कही गई है।

सतीश गुप्ता ने कहा कि मोदनवाल समाज की बेटियों के विवाह में विशेष सहयोग, महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये पेंशन और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में श्री मोदनसेन महाराज के नाम से स्वागत द्वार बनाने, धर्मशाला एवं स्कूल का निर्माण कराने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पिछड़े वर्ग के लोगों की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझते हैं। उनका दावा है कि मोदनवाल समाज पिछड़े वर्ग में भी अपेक्षाकृत पीछे है, इसलिए समाज के अधिकारों और सुविधाओं के लिए राजनीतिक भागीदारी जरूरी है।
सतीश गुप्ता ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वह मोदनवाल समाज के प्रबुद्धजनों और लोगों से संवाद करने के लिए सुल्तानपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, लखनऊ, अंबेडकरनगर, अयोध्या और आजमगढ़ का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने समाज के लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पक्ष में समर्थन देने की अपील की।

स्वागत समारोह में राजेश मोदनवाल उर्फ चुट्टूर, अभय सिंह लालू, मनोज गुप्ता, चंदन गुप्ता, विमलेश आर्य, देश मित्र मंटू, हिमांशु मोदनवाल, रामजी रामू हलवाई, आदित्य गुप्ता गुलशन, विष्णु मोदनवाल, रमेश मोदनवाल, राजा मोदनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






