त्योहारों को लेकर फूलपुर कोतवाली में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा

SHARE:

आबादी क्षेत्र में पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक, रामलीला मैदान में लगेंगी दुकानें; जरूरत पड़ने पर स्वर्ण कारोबारियों के ग्राहकों को घर तक पहुंचाएगी पुलिस

फूलपुर, आजमगढ़। आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अपराह्न तीन बजे फूलपुर कोतवाली परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी भूपेश पाण्डेय और कोतवाली प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने व्यापारियों, पूजा समितियों, ग्राम प्रधानों, सभासदों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।बैठक में लक्ष्मी पूजा समिति, व्यापार मंडल, सर्राफा कमेटी और पटाखा विक्रेताओं के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे। पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पूजा समितियां प्रशासन के सहयोग से पंडालों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें

स्वर्ण कारोबारियों एवं आभूषण विक्रेताओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी ग्राहक को आभूषण खरीदने के बाद घर ले जाने में असुरक्षा महसूस होती है तो पुलिस उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाने में सहयोग करेगी। इसके लिए संबंधित व्यक्ति बिना संकोच थाने या डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकता है।

वहीं, पटाखा विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों एवं ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री और भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पटाखों की दुकानें निर्धारित स्थान रामलीला मैदान में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजामों के साथ ही लगाई जाएंगी।

छठ पूजा को लेकर अधिकारियों ने आयोजन समितियों को जलाशयों, तालाबों और गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही सामाजिक एवं गणमान्य लोगों से अपील की गई कि क्षेत्र या गांव में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें। त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था के लिए उपयोगी सुझाव भी प्रशासन तक पहुंचाएं।

बैठक में मौजूद पूजा समितियों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव पुलिस अधिकारियों के सामने रखे। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को लिखित रूप से दर्ज कराते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल, सर्राफा कमेटी अध्यक्ष मनोज उर्फ डिंपल सोनी, पिंटू मद्धेशिया, मो. आरिफ, श्रीराम गिरी, आयाज खान, सुरेश, राजाराम सहित कोतवाली के सभी उपनिरीक्षक एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Vichar Disha
Author: Vichar Disha

Leave a Comment