एक राय हो कर दिया था घटना को अंजाम……
फूलपुर, आजमगढ़। मकान और किराना दुकान में जबरन घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और चोरी करने के मामले में फूलपुर पुलिस ने छह महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने एक महिला को कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की थी। गिरफ्तार अभियुक्ताओं की निशानदेही पर मकान और किराना दुकान से चोरी किए गए 75 सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को सरायमीर थाना क्षेत्र के जफरचक गांव निवासी महिला ने फूलपुर थाने में तहरीर दी थी। आरोप लगाया गया कि विपक्षी एकराय होकर लाठी-डंडे, रॉड, हथौड़ा और ड्रिल मशीन आदि लेकर उनकी बहन के मकान और किराना दुकान में जबरन घुस गए। इस दौरान मारपीट और तोड़फोड़ करने के साथ दुकान व मकान से सामान चोरी कर लिया गया। आरोप है कि महिला को कमरे में बंधक भी बनाया गया।
तहरीर के आधार पर फूलपुर थाने में मुकदमा संख्या 280/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने रविवार को सुषमा प्रजापति और अंजनी मालिन को ब्लॉक फूलपुर से गिरफ्तार किया। वहीं सुनीता, शांति देनी, इंद्रावती और माधुरी मौर्या को जगदीशपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि अभियुक्ताओं की निशानदेही पर चोरी किए गए किराना दुकान और मकान के 75 सामान बरामद हुए हैं
पुलिस के अनुसार, सुषमा प्रजापति के खिलाफ फूलपुर थाने में मुकदमा संख्या 280/2026 के अलावा मुकदमा संख्या 208/2026 भी दर्ज है। अन्य गिरफ्तार महिलाओं के संबंध में पुलिस ने कोई अन्य आपराधिक इतिहास उपलब्ध नहीं कराया है। सभी आरोपिताओं के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।






