गणेश उत्सव में शामिल 15 से 18 वर्ष के बीच के बच्चे, भोर में कार द्वारा चाय पीने जा रहे थे सरायमीर..
फूलपुर, आजमगढ़। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर-मंरा टिकरिया गांव के पास मंगलवार भोर करीब तीन बजे तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। चार अन्य को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद पूरे फूलपुर कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया जाता है कि फूलपुर कस्बे के बाबा परमहंस मंदिर और शनिचर बाजार में स्थापित गणेश प्रतिमा के पंडालों में सजावट और अन्य कार्यों में लगे 15 से 18 वर्ष के किशोर सरायमीर क्षेत्र में किसी गणेश पंडाल की सजावट देखने के लिए कार से जा रहे थे। कार किशन पुत्र पंकज मोदनवाल चला रहा था और उसमें आठ अन्य लोग सवार थे।

फूलपुर से सरायमीर की ओर जाते समय मनरा टिकरिया-जगदीशपुर के पास बंद पड़े पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई। कार सड़क के किनारे कुछ दूर तक घिसटने के बाद पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक पहिया भी अलग हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने सत्यम मोदनवाल पुत्र रमेश निवासी वार्ड नंबर छह केवटाना गली, लक्की सोनकर पुत्र अनिल सोनकर (16) निवासी बाबा परमहंस गेट वार्ड नंबर छह तथा निखिल गुप्ता पुत्र रामफेर गुप्ता (लगभग 16 वर्ष) निवासी शनिचर बाजार वार्ड नंबर एक को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल सक्षम बरनवाल पुत्र त्रिभुवन बरनवाल निवासी शनिचर बाजार वार्ड नंबर सात और अंश उर्फ छोटू सोनकर पुत्र लालचंद सोनकर निवासी मां भवानी रोड वार्ड नंबर तीन का फूलपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसे में मामूली रूप से घायल अनमोल पुत्र नीरज, किशन पुत्र पंकज निवासी बाबा परमहंस गेट/बस स्टॉप वार्ड नंबर छह, अनुराग पुत्र सुनील पांडेय निवासी शनिचर बाजार वार्ड नंबर सात और शगुन पांडेय निवासी कनेरी को प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के साथ भेज दिया गया।
बताया गया कि सभी किशोर कई दिनों से गणेश उत्सव के पंडालों की सजावट और तैयारियों में जुटे थे। इसी सिलसिले में मंगलवार भोर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच वे सरायमीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की खबर फैलते ही फूलपुर नगर में शोक का माहौल छा गया। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। फूलपुर कोतवाली पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।






