आकाशीय बिजली गिरने से गईं युवक की जान,  परिजनों में मचा कोहराम!

SHARE:

खराब मौसम में गुरुवार सुबह शौच के लिए निकला था युवक….

आजमगढ़। अतरौलिया स्थानीय थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव निवासी प्रदीप मौर्य पुत्र इंद्रदेव मौर्य उम्र 23 वर्ष बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 5:00 बजे अपने घर से सिवान स्थित बाग में शौच के लिए निकला था, हल्की बारिश हो रही थी कि तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया। परिजनों को इसकी सूचना मिलते ही आनन फानन में परिजन उसे लेकर रामनगर स्थित किसी प्राइवेट अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तत्पश्चात परिजन उसे लेकर घर चले आए।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा, तहसीलदार शिव प्रकाश सरोज,राजस्व निरीक्षक प्रेम प्रकाश यादव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक प्रदीप मौर्य चार भाइयों व दो बहनों में सबसे छोटा था तथा अविवाहित था। जीविकोपार्जन हेतु गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता था, मां के इलाज के लिए अभी कुछ दिन पहले ही घर आया था। इस आकस्मिक घटना से माता शकुंतला देवी तथा परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। तहसीलदार ने बताया कि प्राकृतिक आपदा में मृतक को राज्य आपदा मोचन कोष द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है।

मृतक की पंचनामा रिपोर्ट तैयार कर ली गई है तथा कोटेदार द्वारा राशन की व्यवस्था भी मुहैया करा दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता इंद्रदेव मौर्य ने बताया कि आज सुबह लगभग 5:00 बजे प्रदीप घर से बाहर सिवान में शौच के लिए गया था की तभी उसे आकाशीय बिजली मार दी। हम लोग उसे लेकर रामनगर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक भाई व बहनों में सबसे छोटा था तथा गुजरात मैं नौकरी करता था।

Vichar Disha
Author: Vichar Disha

Leave a Comment